धौलपुर में एबीवीपी के बैनर तले कॉलेज स्टूडेंट्स ने महाराजा सूरजमल यूनिवर्सिटी में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई कॉलेजों से जुड़े छात्र-छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर के माध्यम से विश्वविद्यालय के कुलगुरु के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन बिना पर्याप्त तैयारी समय दिए परीक्षाओं का आयोजन करवा रहा है। इससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए उचित समय नहीं मिल पा रहा है, जिसे छात्रों ने उनके हितों के विपरीत बताया। एबीवीपी से जुड़े विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में व्याप्त अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।