धौलपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभाषक संघ में दो दिवसीय आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य की नि:शुल्क व्यापक जांच की गई। शिविर का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मांगो ने किया। इस अवसर पर जिला जज संजीव मांगो ने 'पहला सुख निरोगी काया' के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अधिवक्ताओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आवश्यकता बताई और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग व व्यायाम को आधार बताया। उन्होंने सभी को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। एमएसीटी न्यायाधीश प्रीति नायक ने बताया कि अभिभाषक संघ द्वारा चिकित्सा विभाग के सहयोग से पहली बार इतने बड़े स्तर पर यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें अधिवक्ताओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की जा रही है और उन्हें आवश्यक परामर्श तथा दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बताया कि इस शिविर का आयोजन अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। महासचिव अरविंद सिंह गुर्जर ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें। शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम ने एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें नि:शुल्क कीं। अधिवक्ताओं ने इस सुविधा का बढ़-चढ़कर लाभ उठाया। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश गोयल, एससी-एसटी न्यायाधीश नम्रता पारीक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति सिंह मीणा, एसीजेएम शीला फौजदार सहित कई न्यायिक अधिकारी और अभिभाषक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।