धौलपुर में मंगलवार को भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर शहर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह जिरौली फाटक स्थित अंबेडकर पार्क से प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ। यह फेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सागरपाड़ा स्थित अंबेडकर पार्क पर समाप्त हुई। इस दौरान 'जय भीम' के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। प्रभात फेरी में सजी-धजी झांकियां और बैंड-बाजे आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि शहर के विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रैली में शामिल लोग बैनर, झंडे और तख्तियां लेकर सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों का संदेश दे रहे थे। प्रभात फेरी के मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए थे। इन मंचों पर पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया तथा पेयजल और शरबत की व्यवस्था भी की गई। इस आयोजन में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। अंबेडकर के विचारों को अपनाने का आह्वान इस अवसर पर विचार गोष्ठियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन और पुलिस की पुख्ता व्यवस्था रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।