धौलपुर पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नति के लिए आउटडोर परीक्षा का आयोजन भरतपुर पुलिस लाइन में किया गया। यह परीक्षा वर्ष 2023-24 के कुल 18 पदों के लिए हो रही है, जिनमें 16 पद सामान्य वर्ग और 2 पद अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इससे पहले 3 और 4 अप्रैल को धौलपुर में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 50 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जिनकी अब भरतपुर में आउटडोर परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कैलाश बिश्नोई की अध्यक्षता में किया जा रहा है। आउटडोर परीक्षा में पीटी परेड, शारीरिक दक्षता और हथियार संचालन परीक्षण शामिल हैं। इसके साथ ही, सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार भी आज ही लिए जाएंगे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा परिणाम देर रात तक जारी कर दिया जाएगा। बल शाखा प्रभारी राहुल कंसाना और प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।