धौलपुर में स्वर्गीय वीर लोकेंद्र सिंह राणा मेमोरियल जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया है। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया और उन्हें खेल भावना की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि श्रीकांत कुमावत ने इस अवसर पर कहा कि खेल हो या सड़क, नियमों का पालन हर परिस्थिति में आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि जिस प्रकार खिलाड़ी मैदान में अनुशासन और नियमों का पालन करते हैं, उसी प्रकार नागरिकों को सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। कुमावत ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे में वाहन न चलाने का संदेश देते हुए खिलाड़ियों से सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सुजाता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, समर्पण और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की। जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मोहम्मद जाकिर हुसैन ने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 जुलाई तक चलेगी। इसमें जिलेभर से सात दर्जन से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को समापन समारोह में ट्रॉफी, पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। हुसैन ने आगे बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देना, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव संदीप राणा, शारीरिक शिक्षक पूजा नरसल, यश कुलश्रेष्ठ, फर्रुख बेग, अंपायर नीतिका सिंह, नाजिश खान, अरसलान हुसैन सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रंजीत दिवाकर ने किया।