धौलपुर में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस, वन और खनिज विभाग ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी विकास सांगवान के निर्देशन में की जा रही है। जिलेभर के संवेदनशील क्षेत्रों, चम्बल नदी के घाटों और संभावित परिवहन मार्गों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। एसपी सांगवान के निर्देश पर सरमथुरा से लेकर राजाखेड़ा तक सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अस्थायी चेक पोस्ट बनाए संयुक्त टीमें दिन-रात गश्त कर अवैध खनन और परिवहन की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों की सघन जांच, दस्तावेजों का सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त करने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अवैध परिवहन रोकने के लिए जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस बल की 24 घंटे तैनाती है।