धौलपुर जिले के बगचौली लोधा गांव में मंगलवार को चंबल लिफ्ट नहर परियोजना की पाइपलाइन 2 जगह से टूट गई। इससे लाखों लीटर पानी खेतों में बहकर बर्बाद हो रहा है। आसपास के कई खेतों में पानी भर गया है, जिससे रबी की फसलों की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। अभी रबी की बुवाई का सीजन है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि बुवाई के लिए खेत तैयार करने में देरी होगी। स्थानीय नागरिक योगेश कुमार ने बताया कि पाइपलाइन टूटने की सूचना विभाग को दी गई थी, लेकिन पानी बंद नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि लापरवाही के कारण खेतों में पानी बढ़ता जा रहा है। किसानों ने विभाग से पाइपलाइन की तुरंत मरम्मत कराने और पानी का बहाव रोकने की मांग की है। इससे पानी की बर्बादी रुकेगी और रबी की बुवाई समय पर हो सकेगी।