धौलपुर की सदर थाना पुलिस ने एक कपड़ा व्यापारी से लूट और मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। यह घटना 8 अप्रैल 2026 को हुई थी। मालोनी खुर्द निवासी कपड़ा व्यापारी रवि त्यागी (28) सुबह करीब 4 बजे अपनी गाड़ी से दिल्ली रेडीमेड सामान लेने जा रहे थे। ओडेला चौराहे के पास पहले से घात लगाए बैठे 8-10 बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर हमला कर दिया। बदमाशों ने लोहे के सरिए, डंडों और अन्य हथियारों से व्यापारी के साथ मारपीट की। उन्होंने रवि त्यागी से करीब 3.50 लाख रुपए लूट लिए और उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ छोटू उर्फ पटेल (30) निवासी मानपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ते समय उसने भागने की कोशिश की, जिसमें उसे मामूली चोट भी आई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।