धौलपुर पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें पुलिस ने युवक के कब्जे से हथियार बरामद किया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात को मुखबिर की सूचना पर गोडानपुरा कच्चा रास्ता क्षेत्र में दबिश दी गई। इस दौरान आंगई थाना क्षेत्र के सुनकई निवासी छोटू मीणा (22) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी छोटू मीणा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर और भरतपुर रेंज के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन का हिस्सा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।