धौलपुर जिले में जयपुर डिस्कॉम के "डिस्कॉम आपके द्वार" अभियान, शिविरों और नियमित जनसुनवाई से बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा के नेतृत्व में पिछले 2 साल में जिले की स्थिति में बेहतर बदलाव आया है। पहले जिले में बिजली चोरी का प्रतिशत अधिक था और राजस्व वसूली कमजोर थी। अब प्रभावी कार्रवाई के कारण बिजली छीजत में कमी आई है और वसूली में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डिस्कॉम ने गांव-गांव शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं को बिल जमा करने और संशोधन की सुविधा मौके पर उपलब्ध कराई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को लाभ मिला। 10 करोड़ की बकाया राशि वसूली वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में 8319 नए घरेलू बिजली कनेक्शन जारी किए गए हैं। लगभग 5 हजार पुराने बकायेदार उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा कर अपने कटे हुए कनेक्शन दोबारा जुड़वाए हैं। डिस्कॉम के भौतिक सत्यापन अभियान से लगभग 10 करोड़ रुपए की बकाया राशि वसूल की गई है। डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर सख्ती बरतते हुए डिस्कॉम ने 603 स्थानों से ट्रांसफॉर्मर हटाए हैं। इसके परिणामस्वरूप जिले में 103.71 प्रतिशत राजस्व वसूली दर्ज की गई, जो एक रिकॉर्ड है। 25 हजार स्थानों से अवैध जम्पर हटाए बिजली चोरी पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाकर 25 हजार स्थानों से अवैध जम्पर हटाए गए। इस कार्रवाई से बिजली चोरी का प्रतिशत 26.65 से घटकर 22.44 प्रतिशत हो गया है। डिस्कॉम ने कुल 348 शिविर और 66 जनसुनवाई आयोजित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया। इसके साथ ही, गैर-उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। इन प्रयासों के अतिरिक्त, सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने, खराब मीटर बदलने और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रहे एसी पर कार्रवाई जैसे नवाचार भी किए गए हैं। इन कदमों से धौलपुर जिले ने डिस्कॉम में एक नई पहचान बनाई है।