धौलपुर जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को अब पीने के स्वच्छ पानी की सुविधा मिलेगी। शहर के एक भामाशाह परिवार ने अस्पताल को एक नया वाटर कूलर भेंट किया है, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। यह वाटर कूलर सेठ नेमीचंद अग्रवाल की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके परिवार ने भेंट किया है। यह नया वाटर कूलर अस्पताल की इमरजेंसी इकाई में स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से मरीजों और तीमारदारों को ठंडा, स्वच्छ और फिल्टर युक्त पेयजल उपलब्ध होगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पहले लगा वाटर कूलर खराब होने के कारण लोगों को कई दिनों से पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। अब नए वाटर कूलर के लगने से इमरजेंसी में पानी की व्यवस्था सुचारु हो गई है। पुराने वाटर कूलर को ठीक कर ओपीडी में लगाया पुराने वाटर कूलर की मरम्मत कर उसे अस्पताल की ओपीडी में लगाया जाएगा, ताकि वहां भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। नए वाटर कूलर का उद्घाटन अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार ने किया। अस्पताल प्रशासन ने इस जनहितकारी सहयोग के लिए भामाशाह परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक योगदान से मरीजों और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं।