धौलपुर के सैपऊ बाईपास स्थित परौआ मोड़ के पास सोमवार तड़के एक डंपर ड्राइवर को नींद की झपकी आने से बेकाबू होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। सैपऊ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल ड्राइवर को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार डंपर मध्य प्रदेश से डस्ट भरकर भरतपुर की ओर जा रहा था। सोमवार तड़के करीब 4 बजे सैपऊ बाईपास पर ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। दुर्घटना के बाद ड्राइवर डंपर की केबिन में बुरी तरह फंस गया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला। डंपर में भरी डस्ट आसपास के खेतों में फैल गई। सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।