धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। कमलापुरा मोड़ रोड पर पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार 2 युवकों पर हमला कर उनके पैरों में गोली मार दी गई। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों में मुकेश पुत्र एदल सिंह और हिम्मत सिंह पुत्र रामभरोषी शामिल है। जानकारी के अनुसार वे चपरौली गांव स्थित अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कमलापुरा मोड़ रोड पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने पहले युवकों के साथ मारपीट की और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली दोनों युवकों के पैरों में लगी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। गंभीर हालत दोनों घायल रेफर घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाई सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमले में शामिल कुछ आरोपी नकाबपोश थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।