धौलपुर में राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत शुक्रवार को एम्मानुएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जेल रोड में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 1 से 29 जुलाई 2026 तक महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में टाउन चौकी इंचार्ज लोकेंद्र सिंह ने स्कूल की छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और महिला हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अपराध की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। लोकेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर टाउन चौकी के हेड कॉन्स्टेबल नीरज व सुभाष भास्कर, स्कूल सचिव अमित गर्ग, प्रबंधक जेम्स के.एस., प्रिंसिपल श्वेता गोस्वामी और थाना कोतवाली के सीएलजी सदस्य योगेश शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनने का संदेश दिया गया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।