धौलपुर जिले की ग्राम पंचायत गुलावली में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। गुलावली से नगला रायजीत जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर उन्होंने हाथों में बैनर लेकर "सड़क बनाइए" के नारे लगाए। ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क पिछले 20 साल से जर्जर हालत में है। हर साल बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। कई बार लोग हो चुके घायल स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क के जल्द निर्माण की मांग प्रदर्शनकारियों ने सरकार, जिला प्रशासन और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने इस सड़क को हजारों ग्रामीणों की जीवनरेखा बताते हुए बच्चों के सुरक्षित भविष्य और ग्रामीणों की सुविधा के लिए तत्काल कार्रवाई की अपील की। कलेक्ट्रेट के घेराव की दी चेतावनी प्रदर्शन में शामिल दिलीप परमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आने वाले समय में ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।