धौलपुर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक हाइड्रा मशीन और 3 अन्य वाहन जब्त किए गए। यह कार्रवाई आंगई थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से की। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर अवैध खनन विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम धौंध के जंगलों में दबिश दी। मौके पर अवैध रूप से पत्थरों का खनन और उनका परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक हाइड्रा मशीन, अवैध पत्थरों से भरी एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली और कंप्रेसर मशीन, ड्रिल व पाइप लगे एक महिंद्रा ट्रैक्टर को जब्त किया। सभी जब्त वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में फॉरेस्ट एक्ट और एमएमडीआर एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।