धौलपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आंगई थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आंगई पुलिस टीम गश्त के दौरान सनौरा रोड पर थी, जब उन्होंने बिना वैध रॉयल्टी के अवैध ब्लॉक पत्थरों का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर (मैसी डीआई 1035) को रोका। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। आरोपी सुनीपुर निवासी नवल सिंह पुत्र ज्ञानीराम मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 303(2) के साथ-साथ फॉरेस्ट एक्ट और एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें एएसआई कन्हैयालाल और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।