धौलपुर में नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग ने गुरुवार को विकास कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने पुरानी सब्जी मंडी स्थित भगवान आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के प्रवेश द्वार से परिसर तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के काम का भूमि पूजन किया। यह काम विधायक निधि से मंजूर हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी होगी। इसके बाद सभापति गर्ग ने पुराने डाकखाना चौराहे पर अहिंसा सर्किल के निर्माण और पार्क को सुंदर बनाने के काम की भी शुरुआत की। जैन समाज धौलपुर के अध्यक्ष धनेश जैन ने बताया कि इस पार्क में भगवान महावीर स्वामी की शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए कीर्ति स्तंभ और अहिंसा सर्किल बनेगा। इन कामों से यह इलाका आकर्षक दिखेगा और अहिंसा का संदेश भी फैलेगा। इस मौके पर नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार, जैन समाज अध्यक्ष धनेश जैन, पार्षद सीमा सोनी समेत कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद थे।