धौलपुर शहर में शनिवार शाम भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस्कॉन मंदिर दिल्ली से आए साधु-संतों के सानिध्य में आयोजित इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरा शहर भगवान जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया। रथ यात्रा गंगाबाई की बगीची (पुराना शहर) से शुरू हुई। यह जिला अस्पताल, जगन तिराहा, सराय गजरा, निहालगंज, लाल बाजार, पुरानी मंडी, संत रोड, बस स्टैंड, गुलाब बाग और जगदीश टॉकीज होते हुए हिना रिसोर्ट पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, प्रसाद और अन्य सेवा व्यवस्थाएं भी की गईं। रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण महिलाओं और पुरुषों द्वारा अलग-अलग रस्सों से भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचना रहा। पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं की भक्ति और उत्साह ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। शहरभर में निकली इस रथ यात्रा ने श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।