धौलपुर में मचकुंड स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार शाम भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के बाद मचकुंड सरोवर में जल आचमन, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शोभायात्रा शाम 5 बजे मंदिर परिसर से शुरू हुई और मचकुंड परिक्रमा मार्ग से होते हुए विभिन्न स्थानों तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। सेवा के लिए मीठे पानी की प्याऊ भी लगाई गई थी। जय जगन्नाथ के गूंजे जयकारे यात्रा में महिला-पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। 'जय जगन्नाथ' के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा के समापन पर भगवान जगन्नाथ का पवित्र मचकुंड सरोवर में विधि-विधान के साथ जल आचमन कराया गया। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान मचकुंड क्षेत्र धार्मिक उल्लास और भक्ति के रंग में सराबोर रहा। जगन्नाथ मंदिर के महंत श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि यह शोभायात्रा प्रतिवर्ष परंपरा के अनुसार निकाली जाती है। जल आचमन, महाआरती और भंडारे का आयोजन विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न कराया जाता है।