धौलपुर जिले के मनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत एक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में कुल 134 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच की गई, जिसमें दवा वितरण और हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) की स्क्रीनिंग भी शामिल थी। मरीजों को पौष्टिक आहार भी वितरित किया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. आर. के. यादव ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है। इसी लक्ष्य के साथ शिविर में सामान्य प्रसव पूर्व जांचों के अलावा जटिल गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) की पहचान के लिए विशेष स्क्रीनिंग की गई, ताकि समय पर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके। शिविर के दौरान कुल 134 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) की गई। इनमें से 54 महिलाओं को 'मां वाउचर' योजना का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 37 महिलाओं की हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) के लिए स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिविर में पोषण जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अस्पताल स्टाफ और स्थानीय समाजसेवियों ने मिलकर गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को फल, दूध और बिस्किट वितरित किए। इस दौरान उन्हें संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इस शिविर को सफल बनाने में चिकित्सा प्रभारी डॉ. आर. के. यादव, डॉ. विनीत गर्ग, डॉ. मयंक मित्तल, नर्सिंग ऑफिसर रामावतार कुशवाह, नीरज कुमारी सहित सीएचसी के समस्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।