धौलपुर के हरदेव नगर स्थित एक मैरिज होम में गुरुवार देर रात आग लग गई। यह घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब मैरिज होम के एक कमरे में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जिस कमरे में आग लगी थी, उसमें टेंट का सामान रखा हुआ था। आग तेजी से फैली और टेंट समेत अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अनुमानित 2 लाख रुपए का टेंट और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी आग लगने की सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल की गाड़ी ने घटनास्थल पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और शॉर्ट सर्किट के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।