धौलपुर जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार के 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त टी. शुभमंगला और जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा द्वारा गठित एक टीम ने बसेड़ी क्षेत्र में छापेमारी की। टीम ने गांव चोरपुरा मामुद्दीन स्थित पारस मिल्क फूड का निरीक्षण किया और वहां से पनीर और मावा के सैंपल एकत्र किए। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने पर मौके पर ही 225 किलोग्राम पनीर और 100 किलोग्राम मावा को नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त टीम ने धौलपुर शहर में स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार पर भी कार्रवाई की। यहां से मिठाई के नमूने लिए गए और प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि लैब जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में मिलावट के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।