धौलपुर जिले में मानसून के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार बारिश शुरू हो गई है। रविवार देर रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश सोमवार सुबह करीब 6 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। हालांकि, इसके बाद बारिश थम गई, लेकिन आसमान में घने बादल छाए रहने से दिनभर और बारिश की संभावना बनी हुई है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को इस रिमझिम बारिश से बड़ी राहत मिली है। खेतों में खड़ी खरीफ फसलों को संजीवनी मिलने की उम्मीद जगी है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है। पिछले कई दिनों से भीषण उमस और गर्मी से परेशान लोगों को भी इस बारिश से काफी राहत मिली है। मौसम सुहावना होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। निचले इलाकों में हुआ जलभराव हालांकि, लगातार हुई रिमझिम बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में हल्की परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह हल्की फुहारों के बीच स्कूली बच्चे छाता और रेनकोट लेकर स्कूल पहुंचे। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।