धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित नकटपुरा गांव में बारात और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना 21 अप्रैल की है, जब डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई थी। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में लोगों के बीच धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल साफ नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास भी किया, लेकिन कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालांकि, दैनिक भास्कर डिजिटल इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय स्तर पर घटना की जांच की संभावना जताई जा रही है।