धौलपुर में बुधवार को नीट-2026 परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक संजय कुमार जाटव ने किया। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित साकेत बिहारी शर्मा, पूर्व प्रधान मोनू जादौन, जिला कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए विधायक संजय कुमार जाटव ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा में देशभर के 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था। छात्रों ने वर्षों तक कड़ी मेहनत की, लेकिन लगातार तीसरी बार पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा निरस्त होने से छात्रों और अभिभावकों को मानसिक व आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कई परिवारों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज भी लिया, लेकिन सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रही। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए और जिम्मेदार अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को तत्काल भंग करने की मांग की। पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित साकेत बिहारी शर्मा ने कहा कि देशभर के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पूर्व प्रधान मोनू जादौन ने कहा कि परीक्षा निरस्त होने से लाखों परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं, जिसकी भरपाई सरकार को करनी चाहिए।