धौलपुर के निहालगंज थाने में आगामी त्योहारों और पंचायत चुनावों को लेकर एक सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठक हुई। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस बैठक में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक में सीएलजी सदस्य, यूथ सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र और ग्राम रक्षक शामिल हुए। नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दीपावली जैसे त्योहारों को शांति से मनाने और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने पर बात हुई। पंचायत चुनावों को लेकर पुलिस ने लोगों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने और निष्पक्ष चुनाव में सहयोग की अपील की। लोगों से कहा गया कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और इलाके में शांति बनाए रखें। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल बनाने, अपराधों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।