धौलपुर की मनियां थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 किलो से अधिक डोडा-चूरा और हरे अफीम के पौधे बरामद किए हैं। थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस टीम 31 मार्च और 1 अप्रैल को रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मनियां थाना क्षेत्र के गांव सियापुरा से हरिनगर जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति दो प्लास्टिक कट्टों के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। पुलिस को देखकर वह खेतों की ओर भागने लगा। सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बच्चूसिंह (60) निवासी मनिका का पुरा, थाना मनियां के रूप में बताई। तलाशी लेने पर एक कट्टे में 12.305 किलोग्राम डोडा—चूरा और दूसरे कट्टे में 2.985 किलोग्राम हरे मादक पदार्थ के पौधे बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थों को जब्त कर आरोपी बच्चूसिंह को गिरफ्तार कर लिया।