धौलपुर जिले के पचगांव में एक किराना स्टोर से मोबाइल फोन चोरी हो गया। बाइक पर आए तीन युवकों ने दुकानदार की नजर बचाकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार घटना दो दिन पुरानी है। पचगांव निवासी पुनीत की किराना स्टोर की दुकान है। घटना के समय वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। युवकों में से एक बाइक के पास ही रुका रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान के अंदर आया। उसने पहले गोल्डमोहर, फिर शैम्पू और उसके बाद साबुन मांगा। जैसे ही दुकानदार साबुन लेने के लिए दुकान के अंदर गया, युवक ने काउंटर पर रखा मोबाइल फोन उठा लिया। मोबाइल उठाने के बाद वह बाहर निकला और अपने साथियों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब दुकानदार पुनीत ने अपना मोबाइल तलाशा तो वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दी। दुकानदार ने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी और ऑनलाइन एफआईआर भी दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।