धौलपुर में पुलिस आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए तैयार है। पुलिस प्रशासन चुनावी तैयारियों को मजबूत कर रहा है और मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्थाएं देख रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधिकारियों ने कौलारी क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में अधिकारी तैयारियों में लगे हैं। सैंपऊ सीओ मनोहर मीणा और कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा ने टीम के साथ मतदान केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाएं और सुरक्षा से जुड़ी चीजें देखीं। उन्होंने मतदाताओं से बातचीत कर अपील की कि वे बिना किसी डर, दबाव या लालच के अपना वोट डालें। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि चुनाव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तैयार रहेगी। चुनाव में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई होगी।