धौलपुर में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस ग्रामीण इलाकों में गश्त और फ्लैग मार्च कर रही है। पुलिस ने छह ग्राम पंचायतों में पैदल मार्च किया और मनियां इलाके की सिजरौली ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल लगाई। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन और धौलपुर वृत्ताधिकारी प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में दूबरा, बसई सामंता, खेड़ा, सरानी, विश्नौदा और भैसेना ग्राम पंचायतों में मार्च निकाला गया। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव, सदर थाना प्रभारी अमित कुमार समेत पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। मनियां सीओ खलील अहमद खिलजी के नेतृत्व में सिजरौली ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल हुई। पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की। पुलिस टीमों ने गांवों के प्रमुख रास्तों, आबादी वाले इलाकों और संवेदनशील जगहों पर पैदल मार्च किया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या प्रलोभन देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बिना डर, दबाव या प्रलोभन के मतदान करने को कहा। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या शांति बिगाड़ने की कोशिश होने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच के साथ संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी।