धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में पार्वती नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। यह घटना रविवार दोपहर को हुई। मृतक की पहचान नगला महू, थाना बसेड़ी निवासी प्रशांत पुत्र दीपू ठाकुर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में आगरा में रहता था। प्रशांत की मौत से परिवार में मातम छा गया और चचेरे भाई की बारात टाल दी गई। जानकारी के अनुसार, प्रशांत अपने चचेरे भाई सुभाष पुत्र बंटी परमार की शादी में शामिल होने आया था। बारात भिंड जिले के कनावर गांव जानी थी। बताया गया है कि प्रशांत सुबह हेयर कटिंग और सेविंग कराने के बाद अपने छोटे भाई निशांत और गांव के एक अन्य युवक शिवम के साथ पार्वती नदी में नहाने चला गया। निशांत और शिवम ने बताया कि प्रशांत ने पार्वती पुल से नदी में छलांग लगाई और एक गहरे गड्ढे में समा गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशांत की तलाश शुरू की। उसे नदी से निकालकर सैंपऊ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, एक ओर जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं और दूल्हे को सजाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर जवान बेटे की मौत से घर में चीख-पुकार मच गई। इस घटना के बाद, बारात रद्द कर दी गई और केवल दूल्हा तथा कुछ रिश्तेदार एक गाड़ी से दुल्हन लेने के लिए रवाना हुए।