धौलपुर शहर के पटपरा रोड स्थित एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मर से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, जिस पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ड्राइवर मुकेश तथा फायरमैन सूरज और बलवीर ने मौके पर पहुंचकर तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले विद्युत लाइन बंद करवाने की कार्रवाई की, इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की समय रहते की गई कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता और साहस की सराहना की।