धौलपुर शहर की फल मंडी में गुरुवार को रखे प्लास्टिक पाइपों में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते कई प्लास्टिक पाइप इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जो दूर-दूर तक दिखाई दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिशें शुरू कीं। हालात संभालने के लिए निहालगंज थाना पुलिस और यातायात पुलिस के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर व्यवस्था बनाई, जबकि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। प्लास्टिक पाइपों में आग लगने से लपटें तेजी से फैलीं और धुएं का गुबार काफी ऊंचाई तक उठा। इससे आसपास भीड़ लग गई। आग लगने के कारणों और नुकसान का अभी पता नहीं चल सका है। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने के प्रयास जारी थे।