स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), राजस्थान सरकार के ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता गुरुवार को एकदिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी नगर निकायों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी निकायों के अधिशाषी अधिकारी, सफाई प्रभारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान स्वच्छता जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ भारत मिशन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। के.के. गुप्ता ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में स्वच्छ भारत मिशन की अहम भूमिका है। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को सुदृढ़ करने, शहरों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाने और स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी निकायों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी सहित जिले के सभी शहरी निकायों के अधिशाषी अधिकारी, सफाई प्रभारी और सफाई ठेकेदार उपस्थित रहे।