धौलपुर में आंगई थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मैक्स पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 11 पशुओं को मुक्त कराया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ और वृत्ताधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा के सुपरविजन में थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। आंगई बायपास पर हेड कॉन्स्टेबल जगदीश प्रसाद अपनी टीम के साथ नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध मैक्स पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 3 भैंस और 8 पाड़े (कुल 11 पशु) बेहद क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त कर पशुओं को मुक्त कराया और मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिद पुत्र नबाब, निवासी इस्लामपुरा, थाना कोतवाली, जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) और सोहिल पुत्र साकिर, निवासी फरह, थाना फरह, जिला मथुरा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कृपाल सिंह, हेड कॉन्स्टेबल जगदीश प्रसाद, रिक्रूट कॉन्स्टेबल राहुल और ड्राइवर कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह की टीम शामिल थी। आंगई थाना पुलिस अवैध पशु तस्करी के खिलाफ अपना अभियान लगातार जारी रखे हुए है।