धौलपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देसी बंदूक (.315 बोर) और एक देशी पिस्टल (.32 बोर) बरामद की गई हैं। इसके साथ ही 3 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल खान (19) निवासी भगत का नगला, सोनवीर उर्फ सुधीर ठाकुर (20) निवासी चगोरा थाना दिहोली, और लालसिंह उर्फ सुशील ठाकुर (28) निवासी चगोर, थाना दिहोली के रूप में हुई है। सभी आरोपी धौलपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है।