धौलपुर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने 2 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 2 बुजुर्ग आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से गांजा बरामद किया। पहली कार्रवाई दिहौली थाना पुलिस ने डीएसटी टीम की सहायता से की। पुलिस ने गोपालपुरा निवासी 63 वर्षीय दौलतराम पुत्र नवाब सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से 421 ग्राम गांजा जब्त किया गया। यह कार्रवाई आरपीएस सुखराम बिश्नोई के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस कार्रवाई में डीएसटी टीम के कॉन्स्टेबल भागीरथ और प्रभारी एएसआई प्रेम सिंह की विशेष भूमिका रही। इस मामले की जांच राजाखेड़ा थाना प्रभारी को सौंपी गई है। दूसरी कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस ने की। पुलिस ने शेरगढ़ किले के पास से सागरपाड़ा निवासी विजय पुत्र रोशन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 30 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।