धौलपुर में पुलिस विभाग में हेड कॉन्स्टेबल से सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नति के लिए परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई है। वर्ष 2023-24 के रिक्त पदों के लिए आयोजित यह परीक्षा दो दिन तक तीन पारियों में चलेगी। यह पदोन्नति परीक्षा कुल 18 पदों के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें 16 पद सामान्य वर्ग के लिए और 2 पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। परीक्षा का आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में हो रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने बताया कि कुल 85 हेड कॉन्स्टेबल को इस परीक्षा में शामिल होना था। हालांकि, पहली पारी में 11 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पारी में 12 अभ्यर्थी गैर-हाजिर रहे। इस प्रकार, कुल 73 हेड कॉन्स्टेबल ने परीक्षा दी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।