धौलपुर पुलिस ने बजरी माफियाओं के खिलाफ कड़ा अभियान शुरू किया है। गुरुवार मध्य रात्रि को सैपऊ थाना पुलिस ने NH-123 पर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस के दबाव के कारण 6 से ज्यादा बजरी माफिया हाईवे पर बजरी खाली कर फरार हो गए। पुलिस अब उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जिला पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की ओर से प्रतिबंधित चंबल बजरी के अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए यह रुख अपनाया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस की कई टीमें हाईवे पर नाकाबंदी कर रही थीं। डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्रशिक्षु IPS राहुल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम ने बजरी माफियाओं का कई किलोमीटर तक पीछा किया। पुलिस के भय और दबाव के कारण माफिया बजरी को हाईवे पर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर रही है और उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। डीएसपी अनूप कुमार ने यह भी बताया कि पुलिस और बजरी माफिया के बीच पीछा करने के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।