धौलपुर पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस समारोह मनाया गया। इसमें राष्ट्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। एसपी विकास सांगवान ने देश के विभिन्न राज्यों और अर्धसैनिक बलों के 154 शहीद पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम पढ़े। शहीद स्मारक पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। सम्मान गार्ड ने शस्त्र झुकाकर सलामी दी और 2 मिनट का मौन रखा। शहीदों को सम्मान देने के लिए तीन चक्रों में कुल 144 राउंड फायरिंग की गई। एसपी ने शहीद जवानों की वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उनके त्याग को राष्ट्र की अनमोल धरोहर बताया। हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों से मुठभेड़ में शहीद हुए 10 CRPF जवानों के बलिदान की याद में है।