धौलपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' अभियान के तहत 24 साल से फरार एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। एसपी विकास सांगवान के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी वैभव शर्मा और सीओ सिटी कृष्णराज के सुपरविजन में थाना सदर प्रभारी महेश मीणा के नेतृत्व में एक टीम ने इस आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र उर्फ बंटी (44) पुत्र रणपाल सिंह है। वह मूल रूप से संतर रोड, थाना निहालगंज, धौलपुर का निवासी है और वर्तमान में सुल्तानपुर, जिला कन्नौज, उत्तर प्रदेश में रह रहा था। भूपेंद्र एक पुराने लूट के मामले में पिछले 23-24 सालों से फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी था। पुलिस टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश मीणा के नेतृत्व में एएसआई अशोक कुमार, हेड कॉन्स्टेबल ओमवीर सिंह और कॉन्स्टेबल देवेंद्र शामिल थे।