धौलपुर पुलिस ने जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' अभियान को गति दी है। इस पहल के तहत, पुलिस व्यापारियों और विभिन्न संगठनों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित कर रही है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ की देखरेख में यह अभियान चलाया जा रहा है। सभी वृताधिकारी और थानाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों व संगठनों के साथ बैठकें कर रहे हैं, जिनमें उन्हें प्रतिष्ठानों, बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' का मुख्य उद्देश्य जिले में अधिक से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इन कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे आपराधिक घटनाओं की आशंका कम होगी। इसके अतिरिक्त, इन कैमरों को अभय कमांड सेंटर से जोड़ने की भी योजना है, जिससे निगरानी व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। पुलिस का कहना है कि पूर्व में लगे कैमरों की सहायता से कई आपराधिक मामलों की जांच में तेजी आई है और अपराधियों तक पहुंचना आसान हुआ है। इस अभियान में जनसहभागिता को विशेष महत्व दिया जा रहा है। पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से धौलपुर जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाया जा सके।