दैनिक भास्कर की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत धौलपुर में पुलिस प्राइड अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 19 अलग-अलग श्रेणियों में 31 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी विकास सांगवान ने मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद होकर पुलिसकर्मियों को ये सम्मान प्रदान किए। 'मेहनत को सराहा जाता है, तो मन को संतुष्टि मिलती है' एसपी विकास सांगवान ने सम्मानित हुए पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि जब हमारी मेहनत को सराहा जाता है, तो इससे मन को संतुष्टि मिलती है और एक नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये पुलिसकर्मी पुलिसिंग के क्षेत्र में और भी बेहतर काम करके राजस्थान पुलिस का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने दैनिक भास्कर के इस आयोजन को राजस्थान पुलिस के लिए ऊर्जा प्रदान करने वाला बताया। समारोह के दौरान यूथ कल्याण संस्था द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। दैनिक भास्कर के संपादक प्रदीप शर्मा, यूनिट हेड कैलाश राठौड़ और ब्यूरो चीफ रामनरेश परिहार ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि धौलपुर पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसके लिए दैनिक भास्कर ने उन्हें सम्मानित किया है। इस अवसर पर सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में एएसआई बनवारी लाल पाठक, कॉन्स्टेबल सरफराज पठान, एएसआई सतपाल, कॉन्स्टेबल सत्येंद्र, कॉन्स्टेबल लेखराज, कॉन्स्टेबल वीर सिंह, हेड कॉन्स्टेबल हेमा राणा, एएसआई श्याम सुंदर, कॉन्स्टेबल साइबर सेल हरविंदर सिंह, कॉन्स्टेबल साइबर सेल नरेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल साइबर सेल दिनेश, कॉन्स्टेबल साइबर सेल लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल साइबर सेल वेदांत शर्मा, महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सहीराम यादव, महिला थाना कॉन्स्टेबल शिवकुमार, बसई डांग थाना प्रभारी दुर्ग सिंह, मनियां थाना प्रभारी नीरज शर्मा, कॉन्स्टेबल सदर अरुण शर्मा, कॉन्स्टेबल मनियां रविंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल जितेंद्र, ट्रैफिक कॉन्स्टेबल वीकेश और जितेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल नादनपुर सुखबीर सिंह, एएसआई शिव गणेश, कॉन्स्टेबल सीरजध्वज, कॉन्स्टेबल लोकेश कुमार और एएसआई मनोज कुमार शामिल थे।