धौलपुर जिले में 9 उचित मूल्य दुकानदारों के प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए हैं। इन डीलरों पर उपभोक्ताओं को गेहूं वितरित न कर उसका गबन करने का आरोप है। जिला रसद अधिकारी ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश भी जारी किए हैं। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया कि जिन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें ग्राम पंचायत पिपरौआ के पूरनसिंह (111.86 क्विंटल), मढ़ाभाऊ के जनकसिंह (494.14 क्विंटल), पिपरौन के राधेश्याम (204.82 क्विंटल) और मनियां के केवीएसएस मनिया (195.36 क्विंटल) शामिल हैं। इसके अलावा लीलोठी के धारासिंह मीणा (90.62 क्विंटल), दौपुरा के रतनसिंह (165.58 क्विंटल), खिडौरा के जीएसएस खिडौरा (446.18 क्विंटल), एकटा के व्यवस्थापक रामलखन व पद्मावती स्वयं सहायता समूह (103.95 क्विंटल) तथा मांगरौल के सत्यप्रकाश शर्मा (712.20 क्विंटल) पर भी गेहूं गबन का आरोप है। गबन किए गए गेहूं की राशि इन राशन डीलरों की अचल संपत्ति में से वसूल की जाएगी।