जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर की सचिव रेखा यादव ने गुरुवार को जिले में संचालित संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए। सचिव रेखा यादव ने सुबह निर्धारित समय पर सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित समग्र व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने केंद्र की अवसंरचना, स्टाफ की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर, परामर्श सेवाओं की गुणवत्ता और अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से परीक्षण किया। यादव ने केंद्र में रह रही महिलाओं और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी संतुष्टि का स्तर जाना और समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही पुलिस, चिकित्सा संस्थानों और कानूनी सहायता सेवाओं के साथ समन्वय की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके बाद सचिव ने राजकीय बाल संप्रेषण एवं शिशु गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 11 बच्चे (विधि से संघर्षरत, देखरेख एवं संरक्षण) और 2 शिशु उपस्थित मिले। सचिव ने आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें अनुशासित जीवन, शिक्षा एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। यादव ने बच्चों को नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान बिजली बाधित होने पर सचिव ने इनवर्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट नीतू, अधीक्षक मुरारीलाल मीणा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।