धौलपुर में राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर चार पारियों में यह परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 4427 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या उल्लेखनीय रही। रविवार को पहली पारी में 1372 और दूसरी पारी में 1377 परीक्षार्थी गैर-हाजिर रहे। इसी तरह सोमवार को भी पहली पारी में 1157 और दूसरी पारी में 1166 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार चली। अभ्यर्थियों को सुबह 9:00 बजे से केंद्रों में प्रवेश दिया गया, जबकि परीक्षा 11:00 बजे शुरू हुई। सभी परीक्षार्थियों को कड़ी जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा प्रभारी मांगीलाल ने बताया कि जिले के सभी 16 केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विकास सांगवान और वैभव शर्मा ने लगातार निगरानी की। प्रशासनिक स्तर पर श्रीनिधि बीटी और हरिराम मीणा के निर्देशन में परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था। प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई, जिससे परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सका।