धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में स्थित डीसीसीपीपी थर्मल पावर टाउनशिप में 12 सितंबर की रात हुई चोरी का 11 दिन बाद भी खुलासा नहीं हो पाया है। इस घटना को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश है। चोरों ने एक ही रात में करीब 4 से 5 मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। इनमें कार्मिक अधिकारी रिशभ श्रीवास्तव का घर भी शामिल है। कर्मचारियों के अनुसार, कार्मिक अधिकारी रिशभ श्रीवास्तव के घर से नकदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी हुआ था। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई और मामला भी दर्ज कराया गया, लेकिन 11 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है। चोरी की वारदातों को लेकर लोगों में आक्रोश टाउनशिप में रहने वाले कर्मचारियों का कहना है कि चोरी की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। उनके मुताबिक, हर 2 से 4 महीने के अंतराल में कहीं न कहीं घरों के ताले टूटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। कर्मचारियों के अनुसार, टाउनशिप चारों तरफ से चारदीवारी से घिरी हुई है। यहां सुरक्षा गार्डों के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इसके बावजूद एक ही रात में कई घरों में चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज और टाउनशिप की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की मांग की है। उन्होंने पहले हुई चोरी की घटनाओं को भी जांच में शामिल करने की मांग की है।