धौलपुर जिले के मनियां क्षेत्र में रविवार को सियापुरा मोड़ के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार रेलवे कर्मचारी चंद्रभान सिंह कुशवाह ट्रैक पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर ट्रैक पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मनियां थाना पुलिस को दी। सूचना पर एएसआई सुनहरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर धौलपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। बाद में मृतक की पहचान नंदकिशोर (27) पुत्र विनोद सिंह निवासी सत्यनारायण विहार कॉलोनी, ओंडेला रोड, धौलपुर के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने पर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।