राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत शुक्रवार को डीग जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने डीग पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पूंछरी पहुंचकर प्राचीन नरसिंह मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। लखावत ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और लोक-कल्याण की कामना की। मंदिर दर्शन के उपरांत उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के तत्वावधान में क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं संरक्षण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उनके पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक महत्व को बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लखावत ने वहां उपस्थित स्थानीय नागरिकों तथा साधु-संतों के साथ संवाद किया। उन्होंने विकास कार्यों के जमीनी प्रभाव और जन-उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। संवाद के दौरान स्थानीय निवासियों एवं संतों ने वर्तमान में संचालित कार्यों की गुणवत्ता एवं गति पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। बजट वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री द्वारा नवल कुंड और अप्सरा कुंड के जीर्णोद्धार एवं विकास हेतु विशेष घोषणाएं की गई हैं। इन परियोजनाओं से ऐतिहासिक स्थलों का कायाकल्प सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की धार्मिक महत्ता भी सुदृढ़ होगी। इस निरीक्षण एवं प्रवास के दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष, उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, तहसीलदार जुगीता मीना, विकास अधिकारी जतन सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।